चंद्रा मोर्या टॉकीज प्रशासन द्वारा अंडर ब्रिज में पानी छोड़ने का खुलासा, निगम ने की कार्रवाई

Picture of DeepakकाDesk

DeepakकाDesk

SHARE:

भिलाई नगर निगम क्षेत्र के जोन क्रमांक 3 में स्थित चौहान स्टेट और चंद्रा मोर्या टॉकीज के बीच नागरिकों की सुविधा के लिए एक अंडर ब्रिज का निर्माण किया गया था, जो हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। लेकिन निर्माण के कुछ समय बाद से ही शिकायतें मिल रही थीं कि अंडर ब्रिज के नीचे पानी भर जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए निगम ने मोटर पंप लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था की थी, और कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाकर नियमित रूप से पानी निकाला जा रहा था, ताकि नागरिकों को असुविधा न हो।

निगम के अभियंताओं ने कई बार स्थल निरीक्षण कर समस्या के स्थायी समाधान की कोशिश की, लेकिन फिर भी पानी भरता रहा। अंततः पानी निकालने के लिए मोटर पंप ही एकमात्र विकल्प रह गया।

भिलाई चंद्रा मौर्या अंडरब्रिज

आज जब निगम अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया, तो पाया कि चंद्रा मोर्या टॉकीज के बेसमेंट (लगभग 8000 वर्ग फुट क्षेत्र) में हमेशा पानी भरा रहता है। इसके अलावा, टॉकीज में मौजूद हजारों दर्शकों और कर्मचारियों के उपयोग किए गए पानी को टॉकीज प्रशासन द्वारा गुपचुप तरीके से एक पाइपलाइन के माध्यम से अंडर ब्रिज में छोड़ा जा रहा था। चोरी-छिपे मोटर पंप लगाकर पानी निकाला जाता था, जिससे ऐसा लगता था कि यह पानी ब्रिज के नीचे प्राकृतिक सीपेज के रूप में आ रहा है। इस कारण निगम को वर्षों से लाखों रुपये खर्च करने पड़ रहे थे।

इस खुलासे के बाद, जोन आयुक्त सतीश यादव, सहायक राजस्व अधिकारी बसंत देवांगन और सहायक स्वास्थ्य अधिकारी बीरेन्द्र बंजारे के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम ने चंद्रा मोर्या टॉकीज पर छापा मारा। वहां मोटर पंप, पैनल बोर्ड और पाइप जब्त किए गए। कर्मचारियों की उपस्थिति में पंचनामा बनाकर इस पूरे उपकरण को जप्त किया गया।

इस कार्रवाई से अब अंडर ब्रिज में पानी भरने की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। इस दौरान जनसंपर्क अधिकारी अजय शुक्ला, श्याम ठाकुर, रोहित यादव, यश कुलदीप, दुर्गा माधव पाड़ी, जयंत मेश्राम, रामसाय पारकर, राहुल राजपूत आदि अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

DeepakकाDesk
Author: DeepakकाDesk

लेखक