राजनांदगांव। भारतीय इंजीनियरिंग सेवा (IES) की प्रतिष्ठित नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखने वाले शैंकी बग्गा अब पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने दिसंबर 2022 में भाजपा की सदस्यता ली थी। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के लक्ष्य को स्थानीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से वे राजनीति में सक्रिय हुए हैं।

राजनांदगांव नगर निगम में भाजपा द्वारा घोषित 51 पार्षद प्रत्याशियों में से एक नाम विशेष रूप से चर्चा में है—शहर के अनुपम नगर निवासी शैंकी बग्गा। भाजपा ने उन्हें इस बार पार्षद चुनाव में उतारा है।
शैंकी बग्गा वर्ष 2013 बैच के IES अधिकारी रह चुके हैं। उन्होंने आईआईटी मुंबई से एमटेक किया और फिर यूपीएससी की परीक्षा पास कर कई वर्षों तक भारतीय इंजीनियरिंग सेवा में कार्यरत रहे। उन्होंने नागपुर, भंडारा की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री और ओडिशा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर सेवाएं दीं।
शैंकी बग्गा अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं। उनके पिता हार्डवेयर व्यवसाय से जुड़े हैं और परिवार का टायर्स का कारोबार और बीयर बार भी है।
पार्षद चुनाव से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत कर रहे शैंकी बग्गा का मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा से होगा। कुलबीर छाबड़ा लगातार पांच बार पार्षद चुने जा चुके हैं और इस बार छठी जीत की दावेदारी कर रहे हैं। उन्होंने शीतला मंदिर जमातपारा वार्ड से पांच बार जीत दर्ज की है, जिससे उनकी मजबूत पकड़ का अंदाजा लगाया जा सकता है।


